सागर I महिला एवं बाल विकास और अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के तत्वावधान में शाला पूर्व शिक्षा पर आयोजित सेमिनार मे कलेक्टर संदीप जी आर ने आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओ को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देते हुए कुपोषण निवारण हेतु हर आँगनबाड़ी केंद्र मे बीस-बीस मुनगा पौध रोपण और उसकी पत्तियों चूर्ण का उपयोग पोषण आहार की रंगीन रोटी एवं सब्जियों दाल मे करने का आह्वान किया।
कलेक्टर संदीप जी आर ने इस अवसर पर विभिन्न आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओ द्वारा शाला पूर्व शिक्षा पर स्टेडी मटेरियल तैयार कर लगाई गईं प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओ को अपनी इन गतिविधियों से आँगनबाड़ी को नर्सरी/प्ले स्कूल से भी बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन देते हुए प्रदर्शनी की सराहना की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुलेखा खटीक, सुनीता अहिरवार, ज्योति ठाकुर, आशा केशरवानी सहित 12 कार्यकर्ताओं को प्रशंसा-पत्र दिए गए। इस अवसर पर सेमिनार में जिला पंचायत सीइओ विवेक के वी, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी प्रभा चतुर्वेदी, पर्यवेक्षक एवं अजीम प्रेम जी फाउंडेशन की टीम व आँगनबाड़ी कार्यकर्ताये उपस्थित थीं।