सागर ।जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला सागर के तत्वावधान में एवं श्यामलम के सहयोग से एक महत्वपूर्ण परिचर्चा “बात विरासत की” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 24 अप्रेल को साय 4 बजे जिला पुरातत्व संग्रहालय, ओल्ड लेडी डफरिन, सागर पर आयोजित होगा।
इस परिचर्चा का मुख्य उद्देश्य सागर जिले की समृद्ध ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालना है। क्षेत्र के विशेषज्ञ वक्ता इस अवसर पर अपनी राय और विचार साझा करेंगे, जिससे उपस्थित श्रोताओं को हमारी गौरवशाली धरोहर को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। यह परिचर्चा हमारी युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में, जिला सागर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा। यह सम्मान उनके साहित्यिक योगदान और समाज में उनके महत्वपूर्ण स्थान को रेखांकित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। साहित्य समाज का दर्पण होता है और हमारे साहित्यकारों ने अपनी लेखनी से न केवल समाज को दिशा दी है बल्कि हमारी भाषा और संस्कृति को भी समृद्ध किया है।
जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद और श्यामलम इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सभी इतिहास प्रेमियों, साहित्यकारो, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों को सादर आमंत्रित करते हैं। आपकी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक सार्थक बनाएगी।