मुख्यमंत्री बुंदेलखंड
शेयर करें

बुंदेलखंड में बनेगा आईटी पार्क,ऐतिहासिक स्थल ऐरण में शुरू किया जाएगा उत्सव

  ज्योति शर्मा/सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को बीना पहुंचे। यहां उन्होंने लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों के खाते में 1574 करोड़ रुपए की राशि भेजी। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को 332. 43 करोड़ रुपए की राशि के अंतरण एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि बुंदेलखण्ड, पंजाब और हरियाणा को विकास में पीछे छोड़ेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पराक्रम और शौर्य की धरती बुदेलखंड के लिए विकास का बहुत बड़ा निर्णय लेकर केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की सौगात दी है। बुंदेलखण्ड में आईटी पार्क बनाया जाएगा। विकास का कारवां अब बुंदेलखण्ड और मध्यप्रदेश की धरती से होकर गुजरेगा। मध्यप्रदेश में नए जिलों और संभागों के गठन के लिए म.प्र. प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग प्राप्त कर प्रतिवेदन देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 22 हजार से अधिक थानों की सीमा बदलने का कार्य किया गया। आमजन की सुविधा के लिए बीना सहित अन्य नए जिले और संभाग बनाने की दिशा में कार्यवाही परिसीमन आयोग की अनुशंसा अनुसार की जाएगी।आगामी 27 सितंबर को सागर में आयोजित होने वाली रीजनल इंडस्ट्रियल कांक्लेव के बारे में बताते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। सागर में इसी माह रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में देश भर के उद्योगपति आएंगे। प्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास के कार्य किये जा रहे है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीना में आम जनता की सुविधा के लिए एडीएम और एडीशनल एस.पी अपने कार्यालयों में रहेंगे। निकट स्थित प्राचीन नगर एरण में संस्कृति विभाग की ओर से “एरण उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। लघु एवं वृहद उद्योगों के माध्यम से इस अंचल के युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। नए उद्योग शुरू होने से लोगों को रोजगार मिलेंगे और पलायन जैसी स्थितियां नहीं बनेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नया आईटीआई प्रारंभ करने सहित अनेक नए कार्यों के लिए घोषणा की। साथ ही उन्होंने बीना अस्पताल को 30 करोड़ रूपए की मदद से 100 बिस्तर अस्पताल बनाने, खिमलासा को तहसील बनाने, ग्राम पंचायत मंडी बामोरा को नगर परिषद बनाने, नगर विकास के लिए नगर पालिका को 5 करोड़ रुपए की सहायता देने, बीना में पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की भी घोषणा की।

इस क्षेत्र के नागरिक जमीन न बेचें, यहां नक्शा बदल जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के साथ ही बीना परियोजना इस क्षेत्र का नक्शा बदल देगी। समृद्धि का लाभ नागरिकों को मिलेगा। बीना सिंचाई परियोजना से 262 जुड़ेंगे। क्षेत्र में अनेक नई सड़कें भी बनाई जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समय बदला है। हमारा मध्यप्रदेश पीछे नहीं रहेगा। हमारा प्रदेश देश का नम्बर वन राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत पर किसान का सम्मान करने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत किसान सम्मान निधि के रूप में 6 हजार रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन किसी बहकावे में ना आएं। लाड़ली बहना योजना कभी बंद नहीं होगी, बल्कि भविष्य में इसकी राशि 5000 रुपए तक बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को आप ख़ूब पढ़ाओ- लिखाओ और आगे बढ़ाओ , बाकी का कार्य मध्य प्रदेश की सरकार करेगी। डॉ यादव ने कहा कि जब गुड़गांव अच्छा कार्य कर सकता है तब मध्य प्रदेश क्यों नहीं? इसीलिए मध्य प्रदेश में जल्द ही एयर कार्गाे निर्माण का कार्य किया जाएगा।

1000294089

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीना वालों के लिए ज्ञापन देने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि मध्य प्रदेश की सरकार आपके ज्ञापन से ज्यादा यहां का विकास कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी बीना में 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से बीना रिफाइनरी में निवेश का कार्य कर रही है वहीं मध्य प्रदेश सरकार भी क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क की संभावनाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार सर्वे का कार्य कर रही है और सर्वे के उपरांत केंद्र शासन के माध्यम से रेल लाइन से वंचित क्षेत्रों में भी रेल लाइन डालने का कार्य भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार जमीन से जुड़ी, गरीबों की हितैषी, सबके सुख-दुख में साथ देने वाली सरकार है। हर गरीब का अच्छा एवं निःशुल्क इलाज हो सके इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपए तक का इलाज दिया जा रहा है। वहीं एयर एंबुलेंस भी मध्य प्रदेश में चालू की गई है, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल एयर लिफ्ट कर  किया जा सके। इसी प्रकार गरीब व्यक्ति के परिवार से यदि कोई व्यक्ति अस्पताल में अपने प्राण त्याग देता है तो  उसके शव को निःशुल्क घर तक छोड़ने का कार्य भी मध्य प्रदेश की सरकार कर रही है।
 उन्होंने कहा कि हमारी गाय माता में 33 करोड़ देवताओं का वास होता है, उनकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। इसलिए हम पूरे प्रदेश में अच्छी गौशालाओं को प्रारंभ कर करें हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज बीना में गौशाला खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार पशुपालकों को अनुदान देने का कार्य भी करेगी ,दूध अमृत के समान होता है इसलिए हमें दूध का उत्पादन बढ़ाना होगा और गौ माता की रक्षा करना होगी।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चमत्कारिक व्यक्तित्व के धनी हैं। जिन्होंने लोकसभा में 29 सीटों में से 29 सीट जीतकर नया चमत्कार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में कहा था कि उन्हें बुंदेलखंड की चिंता सबसे ज्यादा है। जिसके चलते उन्होंने सागर में केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने के बाद राजकीय विश्वविद्यालय खोलकर बुंदेलखंड वासियों का दिल जीत लिया। सुरखी क्षेत्र में भी शताब्दी की रफ्तार से विकास हो रहा है। इसी प्रकार अब बीना का विकास भी तीव्र गति से होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की योजना सिर्फ घोषणा नहीं बल्कि संकल्प है। सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कैंसर अस्पताल की शुरू करने की मांग को उन्होंने तत्काल पूरा किया।

सागर सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में विकास का एक नया अध्याय प्रारंभ किया है जिससे अब हमारा मध्यप्रदेश लगातार विकास कर रहा है, समृद्ध हो रहा है।

पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि मैं 40 वर्ष से विधायक रहते हुए मंत्री भी रहा। मध्यप्रदेश की सरकार ने बीना के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी और आगे भी विकास का पहिया घूमता रहेगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बीना के विकास के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीपीसीएल में  50 हजार करोड़ रुपए की राशि से पेट्रोकेमिकल हब बनाने का कार्य किया गया जा रहा है।

बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि बीना के विकास को गति देने के लिए हम अपने प्राणों की आहुति देने को तैयार हैं।  जनता के आशीर्वाद एवं सम्मान से मैं आज यहां तक पहुंची हूं और आपके सपने को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र विकास के संबंध में विभिन्न मांगे रखीं।
इस अवसर पर  सागर संभाग प्रभारी  मुकेश चतुर्वेदी मंत्री लखन पटेल, श्याम सुंदर शर्मा, गौरव सारोठिया, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम सागर महापौर संगीता तिवारी, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी,  कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत,  पूर्व विधायक महेश राय, पूर्व विधायक विनोद पंथी, पूर्व विधायक धरमू राय, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे,  शशि कैथोरिया, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, जनपद अध्यक्ष उषा राय, संभाग कमिश्नर डॉ वीरेंद्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, उप पुलिस महा निरीक्षक सुनील जैन, अपर कमिश्नर  पवन जैन, कलेक्टर संदीप जी आर , पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि के साथ आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री का बुंदेली लोकनृत्य से किया गया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बीना पहुंचने पर बुंदेली लोक नृत्य, बधाई एवं गीतों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही दुल-दुल घोड़ी, बधाई ,रमतूला, नगड़िया, लोकगीतों से स्वागत किया गया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की।

1000294111

शेयर करें
advertisment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!