गढ़ाकोटा/ श्रीराम साहू
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गढ़ाकोटा में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति अध्यक्ष शमिक कुमार शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ.एस.एम. पचौरी थे। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. ए.के. सिन्हा ने की तथा कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ.घनश्याम भारती ने किया।
प्राचार्य डॉ. ए.के. सिन्हा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत भाषण, गायन, काव्यपाठ, एकल नृत्य, समूह नृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ जिसमें महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, जन भागीदारी सदस्यों तथा प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार ₹1000, द्वितीय पुरस्कार ₹700, तृतीय पुरस्कार ₹500 तथा सांत्वना पुरस्कार 250 रुपए के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अपना उद्बोधन देते हुए प्राचार्य डॉ. ए. के. सिन्हा ने कहा कि युवा राष्ट्र के विकास में अपना उल्लेखनीय योगदान दें। जन भागीदारी अध्यक्ष शमिक कुमार शर्मा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे देश में भारतीय संविधान ने सभी को मौलिक अधिकार तथा कर्तव्य दिए हैं जिनका पालन तथा निर्वाह युवाओं को करना चाहिए। पूर्व प्राचार्य डॉ.एस.एम. पचौरी ने प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा तथा संपूर्ण देश में राममय आयोजनों को उल्लेखनीय बताया। कार्यक्रम में डॉ.सुनील विश्वकर्मा, डॉ.कलसिंह पटेलिया, आकृति खरे, विनोद बागडे, बृजलाल अहिरवार, डॉ. कृष्णा बागड़े ने भी संबोधित किया। आभार डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने व्यक्त किया।