मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अपील पर सम्पूर्ण मध्य प्रदेश में जन सहयोग की भावना के साथ खिलौने और अन्य सामग्री प्रदान की जा रही है। सागर में भी इसी क्रम में बच्चों को खिलौने और अन्य सामग्री वितरित की गई। विधायक शैलेंद्र जैन ने कलेक्टर दीपक आर्य के साथ मंगलवार को शहर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के साथ समय व्यतीत किया और उन्हें खिलौने बाँटे। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कुराहट देखकर एक नई और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और उनके साथ बिताया हुआ समय हमेशा यादगार बन जाता है।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी क्षितिज सिंघल भी मौजूद थे। उन्होंने नगर की सिविल लाइन एवं पुलिस लाइन में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को खिलौने वितरित किए।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री श्री चौहान की दूरगामी सोच है जिसके चलते आज हमारे एवं समस्त जन समुदाय के बच्चे आंगनवाड़ी आने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के मन और चेहरे पर खुशी हो इसके लिए उनके द्वारा हर संभव मदद की जा रही है। बच्चों के चेहरों की खुशी हमें एक नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि इस पहल को आगे बढ़ाएं और निरंतर सहयोग करें।
