2 4
शेयर करें

मुफ्त टीकाकरण अभियान का आगाज,कलेक्टर ने दिखाई वैक्सीन रथ को हरी झंडी

सागर । जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया  है। सागर जिले में भी कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने की दिशा में स्पष्ट कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के प्रथम चरण में विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को लक्षित किया गया है। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष ‘एचपीवी वैक्सीन वितरण रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संपूर्ण स्वास्थ्य अमले को स्पष्ट कार्य योजना के साथ लक्षित जनसंख्या को टीकाकरण की सुरक्षा देने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

बाजार में ₹4000 की वैक्सीन, सरकारी केंद्रों पर बिल्कुल मुफ्त

इस अभियान की सबसे बड़ी राहत आर्थिक मोर्चे पर है। वर्तमान में बाजार में उपलब्ध सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन (Gardasil) की एक खुराक की कीमत कम से कम 4,000 रुपये है। सरकार इसे अपने ‘यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम’ का हिस्सा बनाकर सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।

सिंगल डोज: विज्ञान और सुविधा का संगम

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और तकनीकी सलाहकारों के गहन शोध के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि 14-15 वर्ष की आयु में Gardasil-4 की एक सिंगल खुराक (Single Dose) ही शरीर में पर्याप्त इम्यूनिटी पैदा करने में सक्षम है। यह न केवल प्रक्रिया को सरल बनाता है, बल्कि फॉलो-अप डोज की चिंता को भी खत्म करता है।

U-WIN पोर्टल:  पंजीकरण हुआ आसान

टीकाकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए सरकार ने U-WIN पोर्टल में पंजीकरण की सुविधा दी है। अभिभावक  घर बैठे अपनी बेटी का  पंजीकरण कर सकते हैं:

क्यों जरूरी है यह वैक्सीन? (विशेषज्ञों की राय) कैंसर विशेषज्ञों (Oncologists) के अनुसार, भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर से होने वाली मौतों में सर्वाइकल कैंसर एक प्रमुख कारण है। “ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के कारण होने वाला यह कैंसर एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसे वैक्सीन के जरिए पूरी तरह रोका जा सकता है। सही समय पर (शादी से पहले की उम्र में) लगा टीका जीवनभर की सुरक्षा प्रदान करता है।”

कलेक्टर की अपील: सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान का हिस्सा बनें और समय पर टीकाकरण करवाएं।

शुक्रवार को कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने एच पी वी वैक्सीन वाहन वितरण के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए वैक्सीनेशन वितरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉक्टर रोशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ आर एस जयंत, जिला टीकाकरण अधिकारी , संभागीय प्रोजेक्ट ऑफिसर   सहित यू विन कॉर्डिनेटर आदि उपस्थित रहे।

आज से इन केन्द्रों पर लगेगी वैक्सीन

आज से सागर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बंडा, बीना, देवरी, जिला अस्पताल, गढ़ाकोटा, जैसीनगर, केसली, खुरई, मालथौन, मंडी बामोरा, राहतगढ़, रहली, शाहगढ़, सुरखी, उप स्वास्थ्य केन्द्र मकरोनिया एवं पॉलीक्लीनिक चमेली चौक में बने केन्द्रों पर वैक्सीन लगाना आरंभ की जाएगी।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!