सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने खेल मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
शेयर करें

सागरI खेल प्रतिभाओं को निखारने और सागर को खेलों का नया हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सागर की सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से सागर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्व-सुविधायुक्त एथलेटिक्स स्टेडियम के निर्माण की मांग की है। प्रस्ताव में आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ ओलंपिक साइज के स्विमिंग पूल को भी शामिल किया गया है, जिससे तैराकी के क्षेत्र में भी खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण मिल सके।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच – सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अपने पत्र में कहा कि सागर जिला ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र होने के साथ-साथ खेलों की दृष्टि से भी अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। यहाँ के युवा विभिन्न खेल विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके हैं, यहाँ के खिलाड़ियों में प्रतिभा अपार है लेकिन आधुनिक खेल अधोसंरचना के अभाव में उनकी प्रतिभा आगे नहीं बढ़ पा रही है। यदि इस क्षेत्र में एक उच्च स्तरीय एथलेटिक्स स्टेडियम का निर्माण होता है, तो इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

स्टेडियम में होंगी ये प्रमुख सुविधाएँ – प्रस्तावित स्टेडियम में खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, पोल वॉल्ट जैसी सुविधाएँ होंगी। इसके अलावा, ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल बनाया जाएगा, जिससे सागर और आसपास के तैराकों को भी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग मिल सके।

स्टेडियम में खिलाड़ियों की फिटनेस और परफॉर्मेंस सुधारने के लिए आधुनिक जिम, फिटनेस सेंटर, स्पोर्ट्स साइंस लैब और फिजियोथेरेपी सेंटर भी प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही, खिलाड़ियों के ठहरने के लिए छात्रावास, संतुलित पोषण केंद्र, और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए 20,000 दर्शकों की क्षमता वाली दर्शक दीर्घा, वीआईपी लाउंज, प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम और फ्लड लाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

खेलो इंडिया और ओलंपिक ड्रीम को मिलेगा बढ़ावा – सांसद वानखेड़े ने इस मांग को सरकार की प्रमुख योजनाओं ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘टॉप्स (Target Olympic Podium Scheme)’ से जोड़ते हुए कहा कि यह स्टेडियम इन योजनाओं को सफल बनाने में मदद करेगा। इससे न केवल सागर बल्कि पूरे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा।

स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी मिलेगा फायदा – इस परियोजना के स्वीकृत होने से न केवल खेलों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बड़े खेल आयोजनों से होटल, परिवहन, भोजन और अन्य सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को फायदा होगा। साथ ही, प्रशिक्षकों, फिजियोथेरेपिस्ट, स्पोर्ट्स मैनेजर और अन्य तकनीकी विशेषज्ञों के लिए भी नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

खेल मंत्री से सकारात्मक उम्मीद – सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने खेल मंत्री से आग्रह किया कि इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि सागर के होनहार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देगी और जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

खेल प्रेमियों में उत्साह, माँग को मिल रहा समर्थन – इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद सागर जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय युवा और खेल संघों ने सांसद के प्रयासों की सराहना की और इस परियोजना को जल्द से जल्द मूर्त रूप देने की उम्मीद जताई है।

अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो सागर मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण खेल का केंद्र बन सकता है और भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

                            


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!