सागर। शहर में आवारा पशुओं की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। ताजा मामला मकरोनिया के श्रीनगर कॉलोनी का है, जहां सांडों की लड़ाई के दौरान एक सांड बेकाबू होकर एक घर में घुस गया। इस घटना में खेल रहा एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन सांड सड़क पर आपस में भिड़ रहे थे। इसी दौरान एक सांड अपना नियंत्रण खो बैठा और रफ्तार से एक घर में घुस गया। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को सांड ने टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। बच्चे के मुंह से खून बहने लगा, जिससे परिजनों में दहशत फैल गई।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे सांडों की लड़ाई ने एक मासूम की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। घटना के बाद स्थानीय लोग आवारा पशुओं पर नियंत्रण की तत्काल मांग कर रहे हैं।
शहर में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी कई इलाकों में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन द्वारा आवारा पशुओं को पकड़ने की मुहिम चलाई जाती है, लेकिन वह पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो रही।
प्रशासन को इस मुद्दे पर गंभीरता दिखानी चाहिए। अगर जल्द ही आवारा पशुओं पर लगाम नहीं कसी गई, तो आने वाले समय में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
