Screenshot 20250115 132425 Samsung Internet
शेयर करें

सागर। भाजपा ने मंगलवार रात सागर में जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। सागर जिले में पहली बार पार्टी ने दो जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। भाजपा जिला महामंत्री श्याम तिवारी को सागर जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, जिला पंचायत सदस्य रानी कुशवाह को सागर ग्रामीण जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

दरअसल, सागर में भाजपा जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पार्टी में गुटबाजी चल रही थी। सीनियर नेताओं के बीच खींचतान चली आ रही थी। आपसी खींचतान को ध्यान रखते हुए पार्टी ने जिले में दो जिला अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया।
सागर जिले में दो लोकसभा क्षेत्र लगते हैं। जिले की रहली, बंडा और देवरी विधानसभा दमोह लोकसभा क्षेत्र में आती है। वहीं, बाकी पांच विधानसभा सागर, खुरई, बीना, नरयावली और सुरखी सागर लोकसभा सीट में शामिल हैं। ऐसे में पार्टी ने दमोह लोकसभा सीट की विधानसभा रहली, बंडा और देवरी के लिए अलग कर ग्रामीण जिला अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया है। वहीं, सागर लोकसभा सीट की पांच विधानसभाओं के लिए शहर भाजपा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।

विद्यार्थी परिषद से राजनीति में सक्रिय हैं श्याम

नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी 1993 से 2003 तक विद्यार्थी परिषद से राजनीति में सक्रिय हुए। वह नगर संयोजक, जिला संजोयक, विभाग प्रमुख आदि पदों पर रह चुके है। जिसके बाद उन्होंने भाजपा का कार्यकर्ता बनकर कार्य शुरू किया। 2005 से 2010 तक दो बार युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रहे और फिर भाजपा में महामंत्री रहे। श्याम तिवारी 2015 से 2019 तक भाजपा जिला उपाध्यक्ष के पद पर रहे। वर्तमान में वह भाजपा जिला महामंत्री के पद पर हैं। उन्होंने एमए, एलएलबी की पढ़ाई की है।

इसके साथ ही नवनियुक्त ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाह ने इस बार पंचायत चुनाव लड़ा था और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था। वे पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के खेमे की मानी जाती हैं। वह बीजेपी कार्यकर्ता के तौर पर लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहती हैं।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!