21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व गुरुवार को सागर में सामूहिक योगाभ्यास किया गया
सागर । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के पूर्व आज गुरुवार को योग निकेतन योग प्रशिक्षण संस्थान के योगाचार्य विष्णु आर्य के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम पद्माकर सभागार परिसर में आयोजित किया गया। जिसमें सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, श्याम तिवारी एवं शहर की विभिन्न योग संस्थाओं से जुड़े महिला व पुरुषों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में योगाचार्य आर्य ने लोगों को योग अभ्यास कराया। इस दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस की शुरुआत की है। हमारा उद्देश्य सागर को योग नगरी बनाना है। यह तब बनेगा जब घर-घर योग की अलख जगे। तभी हमारा जीवन स्वस्थ और बेहतर बनेगा। उन्होंने योग दिवस पर सभी से शामिल होने की अपील की। श्याम तिवारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी है योग मानवता को भारत का अनूठा उपहार है जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। बढ़ती जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए, योग आज और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
योगाचार्य विष्णु आर्य ने योगाभ्यास कराते हुए आसन, ध्यान प्राणायाम कराते हुए इनके लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बीमारियां बढ़ रही हैं। खानपान बिगड़ रहा है। मानसिक तनाव से लोग परेशान हैं। इसलिए योग बहुत जरूरी है। योग करने से शरीर स्वस्थ रहेगा। जिससे सभी काम अच्छे से कर पाएंगे। घर-घर योग किया जाना चाहिए। इस मौके पर पतंजलि पीठ के योगाचार्य भगत सिंह ने कहा कि योग दिवस पर 21 जून को सभी लोग योगाभ्यास में शामिल हो और नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प ले। योगाभ्यास कार्यक्रम में शहर की अलग-अलग संस्थानों और स्कूलों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
नशामुक्त सागर की शपथ दिलाई विधायक जैन ने
इस मौके पर नशा मुक्त भारत अभियान (1-26 जून 2025) के अंतर्गत सामाजिक न्याय विभाग द्वारा नशा मुक्त सागर बनाने जन जागरण हेतु विधायक शैलेंद्र जैन के आतिथ्य मे नशा मुक्ति शपथ दिलाई। इसमें विभाग से संयुक्त संचालक डॉ. डी. एस. यादव एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
