जिले में 2 लाख हैक्टेयर से अधिक भूमि होगी सिंचित, और 750 से भी अधिक गांव होंगे लाभान्वित
सागरI कलेक्टर संदीप जी आर ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत जिले में चल रही विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की गहन समीक्षा कर परियोजना के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरण शीघ्र हल करने, धारा 11, धारा 19 की कार्रवाई भी पूर्ण करने के लिए संबंधित एसडीएम एवं ईई को निर्देशित किया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से करीब 2 लाख हैक्टेयर से भी अधिक भूमि सिंचित हो सकेगी और 750 से भी अधिक गांव लाभान्वित होंगे। जिससे जहां एक ओर कृषि के लिए अतिआवश्यक सिंचाई के स्रोत प्राप्त होंगे वहीं दूसरी ओर किसान भी समृद्ध बनेंगे।
कलेक्टर ने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जेरा परियोजना के अंतर्गत प्रभावित चार गांवों- जेरा , जोतपुर, मेड़की एवं बेरखेड़ी गुसाई में धारा 19 की कार्यवाही करें। इस संबंध में एसडीएम को यथाशीघ्र कार्रवाई केलिए निर्देशित किया। साथ ही डीएफओ साउथ को सेकंड स्टेज क्लीयरेंस के संबंध में भी निर्देशित किया है।
कोपरा परियोजना के संबंध में वन प्रकरण , वन्य जीव प्रकरण के अंतर्गत तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और राज्य स्तर पर भी आवश्यक जानकारी प्रेषित करने के निर्देश दिए जिससे कि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत 8 ग्रामों में धारा 11 की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।
इसी प्रकार आपचंद परियोजना में वन प्रकरण के संबंध में उठाई गई आपत्तियों का शीघ्र निराकरण कर कार्रवाई करने तथा यहां शेष रह गए कृषकों को यथाशीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
इसी प्रकार बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत शेष प्रभावितों को शीघ्र भू -अर्जन संबंधी भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परियोजना से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों के लिए बनाई गई विस्थापन कॉलोनी
में समस्त आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। यहां पानी सप्लाई, बिजली, रोड आदि सभी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में संबंधित एसडीएम मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बंडा बृहद सिंचाई परियोजना, हनोता बृहद सिंचाई परियोजना, पंचमनगर बृहद सिंचाई परियोजना, कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना, कैथ मध्यम सिंचाई परियोजना आदि विभिन्न परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एवं भू अर्जन शाखा प्रभारी जूही गर्ग, सभी एसडीएम, ईई अनिरुद्ध आनंद, ईई अखिल बिल्थरे, ईई जी एन सिंह, सहित विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।