आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। भारत में निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को मतदाता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य चुनाव व्यवस्था के बारे में नागरिकों को जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
भारत का निर्वाचन आयोग 25 जनवरी 2024 को 14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी) मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। केन्द्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सम्मानित अतिथि के रूप में समारोह मे शामिल होंगे I इस कार्यक्रम में मालदीव, फिलीपींस, रूस, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुख और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मतदाताओं को समर्पित, एनवीडी 2024 की विषय वस्तु पिछले वर्ष की तरह- ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ है।
इस अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु वर्ष 2023 का सर्वोत्तम चुनावी पद्धति पुरस्कार प्रदान करेंगी। यह पुरस्कार राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को पिछले वर्ष चुनाव संचालन में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी पहल, सुरक्षा प्रबंध, चुनाव प्रबंधन तथा मतदाता जागरूकता और संपर्क जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार दिये जाएंगे। सरकारी विभागों और मीडिया संगठनों को चुनावी जागरूकता में बहुमूल्य योगदान के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
